नई टिहरी (सुरेंद्र प्रसाद भट्ट)। समय-समय पर राज्य में घटित क्लाउडबर्स्ट, भारी बरसात, भूस्खलन की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (टीएचडीसीआईएल) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एन.डी.एम.ए.) के मार्गदर्शन में टिहरी एवं कोटेश्वर में राष्ट्रीय स्तर की व्यापक मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गयी |
मॉक एक्सरसाइज के दौरान टिहरी बांध के अपस्ट्रीम एवं डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में लगातार बारिश, भूस्खलन तथा क्लाउडबर्स्ट की घटनाओं का परिदृश्य तैयार किया गया। टिहरी जलाशय का जलस्तर लगभग ईएल 830 मीटर (फुल रिजर्वायर लेबल) होने के कारण स्पिलवे के माध्यम से 5000 क्यूमेक्स अतिरिक्त जल छोड़े जाने की स्थिति दर्शायी गई, जिससे डाउनस्ट्रीम क्षेत्र की स्थिति और गंभीर होने की संभावना बताई गई।इसके अतिरिक्त टिहरी जलविद्युत परियोजना (एचपीपी) के पावरहाउस में आंतरिक खराबी के कारण एक जनरेटर ट्रांसफॉर्मर के फटने से तेल फैलने और आग लगने की घटना तथा कोटेश्वर पावर प्लांट में हाइड्रो जनरेटर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की स्थिति का भी अभ्यास किया गया।
उपरोक्त परिस्थितियों को देखते हुए 11.03. 2026 को प्रातः 08:00 बजे आपात स्थिति में टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार एवं देहरादून के जिलाधिकारियों, आपातकालीन संचालन केंद्र एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी सहित सभी संबंधित एजेंसियों को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही सभी एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया। इस अभियान में एन.डी.आर.एफ., एस.डी.आर.एफ., सी.आई.एस.एफ., सी.आर.पी.एफ., एस.एस.बी., आर.ए.एफ. सहित स्थानीय पुलिस प्रशासन की सक्रिय भागीदारी के साथ टीएचडीसीआईएल के अधिकारियों, जिला स्वास्थ्य विभाग, टीएचडीसीआईएल की मेडिकल टीम तथा पशु चिकित्सा विशेषज्ञ भी मौके पर मौजूद रहे। चारों मॉक एक्सरसाइज साइट्स पर ए.एल.एस एवं बी.एल.एस एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी।
उक्त मॉक एक्सरसाइज के उपरांत मॉक एक्सरसाइज से जुड़ी सभी सुरक्षा एजेंसियों एवं केंद्र तथा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा मॉक एक्सरसाइज की समीक्षा बैठक में आपदा नियंत्रण से सम्बन्धित तथ्यों पर विचार-विमर्श किया गया |
इस मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य संभावित आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सुदृढ़ करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता को बढ़ाना था।
इस अवसर पर मॉक एक्सरसाइज में सभी प्रतिनिधियों द्वारा मॉक एक्सरसाइज के सफल कार्यान्वयन की सराहना करते हुए बेहतरीन समन्वय एवं त्वरित कार्यवाही की एक-दूसरे की प्रशंसा की गई । टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक (टीसी) श्री एम.के. सिंह द्वारा अपने समापन सम्बोधन में मॉक एक्सरसाइज में प्रतिभाग करने वाले विभिन्न सुरक्षा बलों के कार्मिकों एवं विभिन्न विभागों से आए अधिकारियों से इस मॉक एक्सरसाइज की सराहना करते हुए सभी का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद किया गया|
इस मॉक अभ्यास के दौरान विभिन्न आपदा प्रबंधन से संबंधित एजेंसियों,जिला प्रशासन एवं टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें एम.के.सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स); सेवानिवृत्त मेजर जनरल अजय कुमार वर्मा,वरिष्ट सलाहकार (एन.डी.एम.ए.); श्री इरफान अहमद, मुख्य अभियंता (केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण); राजकुमार नेगी अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ऑपरेशन्स यू.एस.डी.एम.ए.); श्री स्नेहिल कुंवर सिंह, उप जिलाधिकारी, टिहरी; श्रीमती सीमा पांडेय, क्षेत्रीय निदेशक (नेशनल डैम सेफ्टी); डॉ. गिरीश चन्द्र जोशी, वरिष्ठ वैज्ञानिक (आई.आई.टी.),रूडकी; श्री गौरव तोमर, कमांडेंट (सी.आई.एस.एफ.); श्री शैलेन्द्र कुमार, कमांडेंट( सी.आर.पी.एफ.) देहरादून; श्री धन सिंह बिष्ट, कमांडेंट (सी.आर.पी.एफ.) मेरठ; श्री ललित शाह, सेकेंड-इन-कमांड (एस.एस.बी.); श्री दीपक भट्ट, उप कमांडेंट (एन.डी.आर.एफ.) तथा श्री बृजेश भट्ट जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी टिहरी गढ़वाल, श्री विपिन सकलानी, अपर महाप्रबंधक (नियोजन, टीएचडीसीआईएल) ; श्री बी.डी.सेमवाल, अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा, टीएचडीसीआईएल) तथा श्री मोहन सिंह श्रीस्वाल, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन, टीएचडीसीआईएल) के साथ-साथ अन्य जिला स्तरीय विभागों के अधिकारी/कर्मचारी भी शामिल रहे।
यह मॉक एक्सरसाइज सभी सुरक्षा बलों एवं उपस्थित सभी विभागों के अभूतपूर्व सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई |

