Spread the love

नई टिहरी (सुरेंद्र प्रसाद भट्ट)। टिहरी बांध प्रभावित क्षेत्र मदननेगी में इसी सत्र में डायट के भवन पर अस्थाई रूप से केंद्रीय विद्यालय का संचालन शुरू होने की कवायद अंतिम चरण में है। इन दिनों डायट के छात्रावास की मरम्मत कर वहां कक्षा-कक्ष तैयार किए जा रहे हैं। जबकि 14 कमरे पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं। जिससे उम्मीद है कि नए सत्र से यहां पर विधिवत कक्षाओं का संचालन शुरू हो जाएगा।
जाखणीधार ब्लॉक के मदननेगी में केंद्रीय विद्यालय का अस्थाई तौर पर वहां बने डायट के भवन में संचालन किया जाना है। जबकि जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने स्थाई भवन निर्माण के लिए भी 1.400 हेक्टेयर सरकारी भूमि भी केवि संगठन को हस्तांतरित कर दी है। नया भवन बनने में दो साल से अधिक का समय लगेगा। ऐसे में इसी सत्र में केवि की कक्षाएं शुरू करने के लिए पुराने डायट भवन का मरम्मत पूरा हो गया है,जबकि क्षत्रावास की मरम्मत जारी है। बुधवार को जाखणीधार के ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल ने पूर्व राज्यमंत्री प्रेमदत्त जुयाल,भाजपा महामंत्री बलवंत रावत,मंडल अध्यक्ष रमेश रतूड़ी के साथ मदननेगी का स्थानीय निरीक्षण कर यहां पर हो रहे मरम्मत कार्यो क जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को तत्काल कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। बताया कि जनवरी माह में केंद्रीय विद्यालय संगठन टीम ने निरीक्षण में जो सुझाव दिए थे। वह डीएम के सहयोग से पूरे हो गए हैं। यहां विद्युत ट्रांसफार्मर,लाइन शिफ्ट कर दी गई है। कक्षा-कक्षों की मरम्मत कार्य भी किया जा रहा है। कहा कि मदननेगी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के साथ ही टिहरी विधानसभा क्षेत्र के चाह गडोलियाला न्याय पंचायत क्षेत्र के छात्रों को भी उच्च गुणवत्तापरक शिक्षा ग्रहण करने के अवसर मिलेंगे। उम्मीद है कि मार्च माह तक यह कार्य पूरे हो जाएंगे। जनवरी में केवि की उपायुक्त और सीपीडब्यूडी की टीम ने भी इसका स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उन्होंने केंद्र सरकार,सीएम पुष्कर सिंह धामी से लेकर टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, प्रतापगर के पूर्व विधायक विजय पंवार के प्रयासों के लिए आभार जताया।