Spread the love

 नई टिहरी (सुरेंद्र प्रसाद भट्ट)। प्रतापनगर के प्रसिद्ध सेम-मुखेम मंदिर समिति के अध्यक्ष गोविंद रावत ने मंदिर परिसर तक रास्ता, टिनशेड, कैनोपी और रेलिंग आदि कार्य के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 2 करोड़ रूपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है। कहा कि आने वाले समय में इस धनराशि से मुखेम धाम में अवस्थापना सुविधाएं बढ़ेंगी।
रविवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए सेम-मुखेम मंदिर समिति के अध्यक्ष रावत ने बताया कि 2017 से वर्तमान तक प्रदेश सरकार ने पांचवें धाम के नाम से प्रसिद्ध मुखेम के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। मुख्यमंत्री धामी ने सेम-मुखेम मेला का राजकीय मेला घोषित किया है। पर्यटन विभाग से वहां पर गेस्ट हाउस संचालित किया जा रहा है। जबकि पार्किंग सहित कौडार-दीनगांव-मुखेम मार्ग को डेढ़ लेन किया जा रहा है। इस बार के मेला में रिकॉर्ड संख्या में देश सहित विदेशी श्रद्धालु भी भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक पर आरोप लगाया कि सस्ती लोकप्रियता के लिए पूर्व विधायक विजय पंवार और उनके प्रस्ताव पर स्वीकृत हुई सड़कों का श्रेय ले रहे हैं। जबकि मुखेम-धनड़गांव, सद़गांव-रैका, सौंदगाड़-चाका-सिलोड़ा सड़क सीएम घोषणा में उन्होंने शामिल करा कर वित्तीय स्वीकृति दिलाई है। कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अभियान की शुरूआत कर दी है। इन सभी कार्यों को लेकर जनता के बीच में भाजपा समर्थन मांगेगी। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामलाल नौटियाल, मंडल अध्यक्ष विजय कठैत, पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान, जयेंद्र पंवार, मंदिर समिति सचिव अजय रावत, जयवीर मियां, रमेश पेटवाल मौजूद रहे।