Spread the love

देहरादून। भारत सरकार के सौजन्य से दून के रेंजर ग्राउंड में दिव्य कला मेले का आयोजन किया गया है, नौ दिवसीय यह मेला 1 मार्च तक चलेगा, मेले विभिन्न जगहों से आये दिव्यांग लोगों के उत्पाद की प्रदर्शनी लगाई गई है ।
सामाजिक सरोकार से जुड़े इस मेले में योग नेचुरोपैथी एवं एक्यूप्रेशर संस्थान ‘आरोग्यम्’ द्वारा दिव्यांग एवं मेले में प्रतिभाग कर रहे लोगों के लिये नि:शुल्क हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया है, वीरवार को आयोजित इस हेल्थ कैंप में डॉ. सरस्वती काला प्रोफेसर श्री गुरु राम विश्वविद्यालय, डायरेक्टर आरोग्यम् और प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य डी. एन. शर्मा के सानिध्य में रोगियों का हेल्थ निरीक्षण किया गया, इसके साथ ही इस कैंप में लगभग सौ से अधिक रोगियों को मधुमेह, अस्थमा, सायनस, गठिया, अनिद्रा, थाईराइड जैसे रोगों के परामर्श के साथ उन्हें नि:शुल्क आयुर्वेदिक दवाइयां भी प्रदान की गई ।
इस नि:शुल्क हेल्थ कैंप के बारे में बताते हुये डा. सरस्वती काला ने कहा कि आज के इस भागदौड़ भरी जिन्दगी में योग और नेचरोपैथी एक ऐसा माध्यम है जिसके द्वारा शारीरिक व मानसिक क्रियाओं के माध्यम से शरीर को स्वस्थ्य रखा जा सकता है। इस दौरान कई गंभीर रोग से पीड़ित महिलाओं को भी विभिन्न चिकित्सीय परामर्श दिया गया। उल्लेखनीय हो कि आरोग्यम् योग, नेचुरोपैथी एवं एक्यूप्रेशर संस्थान जनपद में पौधा और धर्मपुर में अपनी दो शाखायें भी संचालित कर रहा है, इसके साथ ही संस्थान समय समय पर डा. सरस्वती काला के नेतृत्व में नि:शुल्क हेल्थ कैंप का आयोजन जन सेवार्थ भाव से करता रहता है ।