Spread the love

देहरादून 27 फरवरी। मुख्यमंत्री ने मां नन्दा राजजात यात्रा सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों की धनराशि स्वीकृत की। पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में धार्मिक, ग्रामीण और शहरी आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अनेक विकास योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने जनपद चमोली में प्रस्तावित मां नन्दा राजजात यात्रा-2026 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्गों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास हेतु कुल ₹3.08 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन दिया है। इसके अंतर्गत विकासखण्ड थराली के शहीद भवानी दत्त इंटर कॉलेज, चैपड्यों में 8 चौपहिया वाहनों की क्षमता वाले पार्किंग एवं विश्राम गृह निर्माण हेतु ₹71.67 लाख, कर्णप्रयाग विकासखण्ड के नौटी में 37 चौपहिया और 48 दुपहिया वाहनों की क्षमता वाली सरफेस पार्किंग हेतु ₹42.39 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं देवाल विकासखण्ड के जनता इंटर कॉलेज, सरकोट में 63 चौपहिया और 9 दुपहिया वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग, दो कक्षों के विश्राम गृह एवं शौचालय निर्माण हेतु ₹1.14 करोड़ तथा नारायणबगड़ विकासखण्ड के भगोती में 94 चौपहिया वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग निर्माण हेतु ₹79.56 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं को भी बड़ी राहत देते हुए 16वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम किश्त के तहत प्राप्त ₹89.41 करोड़ की धनराशि अंतरित किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। इसमें जिला पंचायतों को ₹13.74 करोड़, क्षेत्र पंचायतों को ₹9.16 करोड़ तथा ग्राम पंचायतों को ₹66.51 करोड़ दिए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त विभिन्न जनपदों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए ₹34.34 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है। विधानसभा क्षेत्र थराली के देवाल बाजार में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण हेतु प्रथम चरण में ₹11.31 लाख तथा टिहरी गढ़वाल के घनसाली में बस स्टॉप निर्माण हेतु ₹94.05 लाख स्वीकृत किए गए हैं। पौड़ी गढ़वाल के यमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिल्ला-कांडई मोटर मार्ग के द्वितीय चरण निर्माण हेतु ₹3.36 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुष मिशन की निर्माणाधीन योजनाओं के लिए राज्य आकस्मिकता निधि से ₹27 करोड़ तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उम्मेदपुर, रामनगर आवासीय परियोजना में पेयजल योजना हेतु ₹2.43 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। वहीं नगरपालिका परिषद नैनीताल क्षेत्र में नर्सरी स्कूल, माल रोड की मरम्मत हेतु ₹3.44 लाख और ऐशडेल स्कूल की मरम्मत हेतु ₹45 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने जनपद चम्पावत के टनकपुर में निर्मित स्टेडियम का नाम स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी के नाम पर रखे जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक आस्था, स्थानीय आवश्यकताओं और आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

By Admin