नई टिहरी/देवप्रयाग (सुरेन्द्र प्रसाद भट्ट)। देवप्रयाग क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है जहां एक 17 वर्षीय छात्रा ने टोडेश्वर पुल के निकट अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे थाना बाह बाजार (देवप्रयाग) पुलिस को सूचना मिली कि टोडेश्वर में बने नए पुल के नीचे एक किशोरी ने नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया। थाना प्रभारी बाह (देवप्रयाग) अमरजीत सिंह रावत के अनुसार किशोरी की पहचान टिहरी जिले की पट्टी हिंडोलाखाल के किमखोला गांव निवासी 17 वर्षीय निशा पुत्री दिनेश लाल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि किसी बात को लेकर घर में विवाद होने के बाद निशा घर से निकल गई थी। वह राजकीय इंटर कॉलेज महडजाली की 12वीं की छात्रा थी और गांव से लगभग छह किलोमीटर पैदल चलकर देवप्रयाग पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अलकनंदा तट पर किशोरी को डूबते हुए देखा गया, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण कोई भी समय पर उसे बचाने नहीं पहुंच सका और देखते ही देखते वह नदी की तेज धारा में समा गई। फिलहाल पुलिस, एसडीआरएफ और परिजन गंगा नदी में किशोरी की तलाश में जुटे हुए हैं। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं घटना का एक वीडियो भी मोबाइल में कैद हुआ है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
