हल्द्वानी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 21 मार्च को प्रस्तावित हल्द्वानी दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने हल्द्वानी स्थित सहकारी बैंक सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक के दौरान सीडीओ ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसे भव्य और सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों को कार्यक्रम स्थल पर स्टॉल लगाने की जिम्मेदारी दी गई है, वे सभी विभाग अगले दिन तक अपने स्टॉल तैयार कर प्रदर्शन सुनिश्चित करें। साथ ही कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने को कहा।
सीडीओ ने कार्यक्रम स्थल एमबी इंटरव्यू कॉलेज ग्राउंड हल्द्वानी का निरीक्षण कर मंच, पंडाल एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
